लखीसराय में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा, भारी मात्रा में चुलाई शराब बरामद
- Post By Admin on May 26 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मद्य निषेध थाना पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब बिक्री और सेवन के आरोप में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध थाना द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार बन्नूबगीचा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीबिग्घा वार्ड संख्या-04 निवासी अमित कुमार को 105 लीटर चुलाई शराब और एक टेम्पो के साथ पकड़ा गया। वहीं अमहरा थाना क्षेत्र के बाढ़ी गांव से रामदुलारी देवी के पास से 4 लीटर तथा बाढ़ो देवी के पास से 3 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। इसके अलावा अमहरा थाना क्षेत्र के बेनौरा गांव निवासी घोल्टू कुमार को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं बिछपुर थाना क्षेत्र के कमरपुर और नथुपुर इलाके से विशाल कुमार, मोनू कुमार, कन्हैया कुमार और छोटू कुमार को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया।
सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के सेंदपुरा निवासी गौरीशंकर ठाकुर को भी शराब सेवन के मामले में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मद्य निषेध विभाग ने कहा है कि जिले में शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध शराब कारोबार तथा सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।