साइबर फ्रॉड नेटवर्क पर वार : बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला युवक गिरफ्तार
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : लखीसराय पुलिस ने साइबर ठगी के लिए कमीशन के आधार पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 4,800 रुपए नकद बरामद किए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को कबैया थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि गोसाई टोला वार्ड संख्या-21 स्थित एक घर के सामने कुछ लोग साइबर ठगी से जुड़े अवैध लेन-देन में संलिप्त हैं। सूचना के सत्यापन के बाद कवैया थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया। पूछताछ और मोबाइल की जांच के दौरान साइबर थाना, लखीसराय ने पाया कि आरोपी के विरुद्ध मधुबनी जिले में साइबर ठगी से संबंधित शिकायत दर्ज है। आरोपी द्वारा अपराध में संलिप्तता स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में साइबर थाना, लखीसराय में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के समबे गांव निवासी 21 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और 4,800 रुपए नकद जब्त किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को पैसे का लालच देकर या धोखे से उनके बैंक खाते प्राप्त करता था और कमीशन के बदले साइबर ठगी की राशि उन खातों में मंगवाकर उन्हें "म्यूल अकाउंट" के रूप में इस्तेमाल करता था। लखीसराय पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान या परिचित व्यक्ति के बहकावे में आकर अपना बैंक खाता उपलब्ध न कराएं और न ही किसी के कहने पर नया बैंक खाता खुलवाएं। ऐसा करने पर आपका बैंक खाता साइबर अपराध में इस्तेमाल हो सकता है और आप कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।