सीट को लेकर विवाद के बाद इंजन के सामने खड़े हुए दंपती, 45 मिनट तक बाधित रही गया-हावड़ा एक्सप्रेस
- Post By Admin on Jul 06 2026
लखीसराय : गया-हावड़ा एक्सप्रेस में सीट विवाद के बाद एक दंपती द्वारा ट्रेन के इंजन के सामने खड़े होकर परिचालन बाधित करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने दोनों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, मारपीट की घटना को लेकर अज्ञात यात्रियों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ किऊल से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, दानापुर से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस काशीचक स्टेशन पर कुछ यात्रियों के विरोध के कारण रुकी हुई है। सूचना मिलने पर आरपीएफ के उपनिरीक्षक ललन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच में पता चला कि बी-1 कोच की बर्थ संख्या 29 एवं 32 पर यात्रा कर रहे गया जिले के डेल्हा थाना क्षेत्र स्थित बागेश्वरी कॉलोनी निवासी हरिओम शर्मा और उनकी पत्नी पूजा कुमारी का कुछ अज्ञात यात्रियों से सीट को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान दंपती के साथ मारपीट की गई। इसके विरोध में दोनों यात्रियों ने पहले चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और बाद में इंजन के सामने खड़े होकर ट्रेन के परिचालन को बाधित कर दिया। आरपीएफ के अनुसार, ट्रेन पहले चेन पुलिंग के कारण 14 मिनट तक रुकी रही। इसके बाद दंपती के इंजन के सामने खड़े रहने से काशीचक स्टेशन पर ट्रेन लगभग 45 मिनट तक बाधित रही। आरपीएफ अधिकारियों ने काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों को इंजन के सामने से हटाया और ट्रेन में बैठाकर किऊल स्टेशन लाया।
घटना के संबंध में हरिओम शर्मा की शिकायत पर जीआरपी किऊल में अज्ञात यात्रियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। चूंकि मारपीट की घटना काशीचक स्टेशन पर हुई थी, इसलिए मामले को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी नवादा भेजा जा रहा है। वहीं, ट्रेन का परिचालन बाधित करने, चेन पुलिंग करने तथा रेलवे संचालन में अवरोध उत्पन्न करने के आरोप में आरपीएफ किऊल ने हरिओम शर्मा और पूजा कुमारी के विरुद्ध रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अलग से मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।