अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस से छुड़ाए जब्त ट्रैक्टर

  • Post By Admin on May 26 2026
अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस से छुड़ाए जब्त ट्रैक्टर

लखीसराय : जिले के जवास गांव में बीते सोमवार को अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम और पुलिस को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब जब्त किए गए ट्रैक्टरों को ले जाने के दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने रास्ता रोक दिया। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही अज्ञात लोग ट्रैक्टरों को छुड़ाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार खनन विभाग की टीम ने बड़हिया थाना क्षेत्र के जवास गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से मिट्टी खनन में लगे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया था। कार्रवाई के बाद टीम बड़हिया पुलिस के सहयोग से ट्रैक्टरों को लखीसराय ला रही थी। इसी दौरान बालगुदर के पास बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और विरोध शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इसी बीच कुछ अज्ञात लोग पुलिस कब्जे से ट्रैक्टर छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद खनन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला खनन पदाधिकारी कुमार रंजन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा ट्रैक्टर छुड़ाने में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।