किऊल रेलवे स्टेशन पर सीबीआई का छापा, माल पर्यवेक्षक समेत दो लोग गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 12 2026
किऊल रेलवे स्टेशन पर सीबीआई का छापा, माल पर्यवेक्षक समेत दो लोग गिरफ्तार

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन के माल पर्यवेक्षक (गुड्स सुपरवाइजर) और उनके एक निजी सहयोगी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), पटना की टीम द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों को 50 हजार रुपए के साथ गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार स्टेशन अधीक्षक, किऊल से प्राप्त सूचना के आधार पर बताया गया कि 11 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे सीबीआई, पटना के अधिकारियों ने किऊल स्टेशन स्थित रेलवे क्वार्टर के समीप माल पर्यवेक्षक और उनके निजी सहयोगी मनीष कुमार को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान उनके पास से 50 हजार रुपए बरामद होने की भी सूचना है।

घटना के बाद दोनों को सीबीआई की टीम अपने साथ पटना ले गई, जहां मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तारी के कारणों और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।