बिहार में बायपास पर चली गोलियां, पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार
- Post By Admin on May 30 2026
गोपालगंज : जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी बायपास के समीप पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश आकाश कुमार घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक वांछित अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने बंजारी बायपास इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान आकाश कुमार के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल अपराधी को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी आकाश कुमार थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन द्वारा 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और कई मामलों में वांछित था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आकाश कुमार के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहा था। मुठभेड़ के बाद पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। फरार साथियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा उसके गैंग से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।