लखीसराय मद्य निषेध पुलिस की दोहरी स्ट्राइक: यूपी और भागलपुर के तस्करों समेत 4 दबोचे गए

  • Post By Admin on Sep 07 2026
लखीसराय मद्य निषेध पुलिस की दोहरी स्ट्राइक: यूपी और भागलपुर के तस्करों समेत 4 दबोचे गए

लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार सघन अभियान चला रही है। इसी क्रम में 6 सितंबर को मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा दो अलग-अलग संवेदनशील स्थानों पर की गई विशेष छापेमारी में चार अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय शराब तस्करों को रंगे हाथ दबोचा गया। पुलिस ने तस्करों के पास से भारी मात्रा में विदेशी व देशी चुलाई शराब समेत एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई किऊल थाना क्षेत्र अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन पर की गई। यहां संदिग्ध गतिविधि दिखने पर पुलिस ने तलाशी ली, जिसमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (थाना चरवा) निवासी रोहित कुमार को 9.600 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं भागलपुर जिले के नाथनगर (के.वी. लाल रोड) निवासी संतोष कुमार को 7.125 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया। दोनों तस्कर ट्रेनों के जरिए शराब की खेप खपाने की फिराक में थे।

दूसरी छापेमारी लखीसराय थाना क्षेत्र के रेहुआ रोड, सलोनाचक में की गई। जहां पुलिस ने घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल पर देशी चुलाई शराब की तस्करी कर रहे दो युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के खैरा निवासी प्रियांशु कुमार और नवाबगंज निवासी अंकुश कुमार (पिता खाखो यादव उर्फ शिवालक यादव) के रूप में हुई है। इनके पास से 60 लीटर देशी चुलाई शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक जब्त की गई। मद्य निषेध पुलिस ने चारों अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।