ऑपरेशन सतर्क के तहत किऊल स्टेशन पर लावारिस बैग से 7.5 लीटर विदेशी शराब बरामद

  • Post By Admin on Jul 10 2026
ऑपरेशन सतर्क के तहत किऊल स्टेशन पर लावारिस बैग से 7.5 लीटर विदेशी शराब बरामद

लखीसराय : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत किऊल रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए एक लावारिस बैग से 7.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मामले में जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ के अनुसार, सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, आरक्षी सुरेंद्र पासवान तथा अपराध आसूचना शाखा, दानापुर के सहायक उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार द्विवेदी स्टेशन परिसर में ट्रेन पासिंग एवं यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर स्टेशन मास्टर कार्यालय के सामने एक काले रंग का पिट्ठू बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला। आरपीएफ टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बैग की तलाशी ली गई। जांच में बैग से रॉयल चैलेंज कंपनी की 750-750 मिलीलीटर की 10 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

बरामद शराब की कुल मात्रा 7.5 लीटर तथा अनुमानित कीमत 5,250 रुपए बताई गई है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर मौके पर जब्ती सूची तैयार की गई। आरपीएफ ने जब्त शराब को सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के लिखित आवेदन के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना, लखीसराय को सौंप दिया है। मामले में उत्पाद विभाग द्वारा कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।