किऊल स्टेशन पर 54.24 लीटर विदेशी शराब बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
- Post By Admin on Aug 15 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल पोस्ट की रेलवे सुरक्षा बल टीम ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत कार्रवाई करते हुए किऊल स्टेशन से 54.24 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब को दो बोरी और तीन झोलों में रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त को रामपुर डुमरा कैंपिंग स्टाफ में तैनात प्रधान आरक्षी अर्जुन सिंह और आरक्षी नमन वर्मा, उत्पाद विभाग बरहिया के साथ ट्रेन पासिंग और यात्री सामान की सुरक्षा को लेकर जांच कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे किऊल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के जमालपुर छोर पर दो महिलाओं और एक पुरुष के सामान की जांच की गई। तलाशी के दौरान दो बोरी और तीन झोलों में विदेशी शराब मिली। बरामद शराब में 102 बोतल किंगफिशर व्हिस्की और 18 फ्रूटी पैक व्हिस्की शामिल थी। कुल बरामद शराब की मात्रा 54.24 लीटर बताई गई है।
आरपीएफ टीम ने बरामद शराब की वीडियोग्राफी कराई और सुबह 6:45 बजे उपस्थित गवाहों के समक्ष जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान पंकज कुमार (30), पिता गया निषाद, निवासी सिमरिया बिंद टोली, थाना मरांची, पटना; शोभा देवी (34), पति दिनेश साहनी, निवासी ललुआ पोखर मुंगेर, थाना कासिम बाजार, मुंगेर; मंजू देवी (55), पति स्वर्गीय भरत महतो, निवासी सिमरिया घाट, थाना चकिया, बेगूसराय; तथा रूबी देवी (28), पति पंकज निषाद, निवासी सिमरिया बिंद टोली, थाना मरांची, पटना को गिरफ्तार किया गया।
बरामद शराब और गिरफ्तार आरोपियों को उत्पाद विभाग, बड़हिया के हवाले कर दिया गया। विभाग द्वारा मामले में कांड दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई उत्पाद विभाग द्वारा की जाएगी।