रूस में 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद 60 देशों में सुनामी का खतरा, लेकिन भारत सुरक्षित
- Post By Admin on Jul 30 2025

नई दिल्ली : रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार को आए 8.8 तीव्रता के भीषण भूकंप ने प्रशांत महासागर क्षेत्र के कई देशों को अलर्ट मोड में ला दिया है। इस शक्तिशाली झटके के बाद जापान, न्यूजीलैंड, हवाई, चिली समेत करीब 60 देशों में सुनामी का खतरा मंडराने लगा है। इसके चलते भारत में भी लोगों के मन में आशंका उत्पन्न हो गई कि क्या देश में भी सुनामी का प्रभाव देखने को मिलेगा।
हालांकि, भारतीय सुनामी चेतावनी केंद्र और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय से मिली जानकारी ने इन सभी आशंकाओं पर विराम लगा दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारत और हिंद महासागर क्षेत्र में सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
कामचटका में भूकंप का केंद्र समुद्रतल से 19.3 किलोमीटर गहराई में था, जिसके कारण समुद्र में लगभग 13 फीट ऊंची लहरें उठीं और कई तटीय इलाकों में सुनामी की स्थिति बन गई। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और क्षतिग्रस्त इमारतों से खाली करवाया गया।
यह भूकंप 1952 के बाद कामचटका क्षेत्र का सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है। इसके कारण अमेरिका, जापान, रूस, हवाई, चिली, इक्वेडोर, कोस्टा रिका, पेरू, समोआ, सोलोमन द्वीप समेत कई देशों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। कुछ क्षेत्रों में 1 से 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह भूकंप पूरी तरह प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र से संबंधित है, जिसका भारत और हिंद महासागर क्षेत्र से कोई सीधा संबंध नहीं है। इसलिए भारत में सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें। सरकारी एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।