नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में रक्षा, व्यापार और तकनीकी सहयोग सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक के दौरान महत्वपूर्ण खनिजों, सेमीकंडक्टर और अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर कई अहम घोषणाएं की गईं। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच कुल 19 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, जो भविष्य में आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाएंगे।
वैश्विक राजनीतिक उथल-पुथल और उससे उत्पन्न चुनौतियों पर भी दोनों पक्षों ने साझा दृष्टिकोण अपनाने और मिलकर समाधान तलाशने पर सहमति जताई। इसी क्रम में जर्मनी सरकार ने भारतीय नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए ट्रांजिट वीजा की अनिवार्यता समाप्त करने का फैसला लिया है।
अब तक किसी तीसरे देश की यात्रा के दौरान जर्मनी के एयरपोर्ट पर रुकने या फ्लाइट बदलने की स्थिति में भारतीय यात्रियों को ट्रांजिट वीजा लेना आवश्यक था। लेकिन नए निर्णय के बाद भारतीय नागरिक बिना ट्रांजिट वीजा के जर्मनी के एयरपोर्ट से होकर यात्रा कर सकेंगे।
इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले भारतीय यात्रियों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि वीजा प्रक्रिया की जटिलताओं से भी बड़ी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों के अनुसार यह कदम भारत-जर्मनी के बढ़ते आपसी विश्वास और सहयोग का प्रतीक माना जा रहा है।






















