नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि 75 साल की उम्र में किसी को राजनीति या संघ से रिटायर हो जाना चाहिए। उनका यह बयान हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले महीने 75 साल के होने को लेकर उठी राजनीतिक चर्चाओं के बीच आया है।
दिल्ली में आयोजित '100 वर्ष की संघ यात्रा : नए क्षितिज' कार्यक्रम में बोलते हुए भागवत ने कहा, “मैंने केवल पूर्व संघ नेता मोरोपंत पिंगले के विचारों का उल्लेख किया था। न तो मैंने कहा और न ही मेरा मानना है कि 75 साल में रिटायर होना चाहिए। अगर संघ चाहेगा तो मैं 80 साल की उम्र में भी शाखा चलाने के लिए तैयार हूं।”
भागवत ने कहा कि जीवन में किसी भी उम्र में रिटायरमेंट का सवाल नहीं उठता, बल्कि यह संगठन की आवश्यकता और जिम्मेदारी पर निर्भर करता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व आरएसएस प्रमुख भैयाजी दानी ने पारिवारिक जिम्मेदारियों को छोड़कर संघ प्रमुख का दायित्व निभाया।
उन्होंने यह भी कहा कि संघ के कार्यकर्ता पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को संतुलित करते हुए संगठन में योगदान करते हैं। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पारिवारिक लोग अक्सर अपने निजी बोझ संगठन पर डाल देते हैं, लेकिन सच्चा स्वयंसेवक हर परिस्थिति में समाज और संगठन के लिए तैयार रहता है।























