29 मार्च को लगेगा साल का पहला सूर्य ग्रहण, जानिए ज्योतिषीय प्रभाव और खास संयोग
- Post By Admin on Mar 24 2025

नई दिल्ली : 14 मार्च 2025 को लगे साल के पहले चंद्र ग्रहण के बाद अब 29 मार्च को साल का पहला सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। यह सूर्य ग्रहण चैत्र अमावस्या के दिन घटित होगा, जो ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास बताया जा रहा है। इस दौरान मीन राशि और उत्तर भाद्रपद नक्षत्र में सूर्य, राहु, शुक्र, बुध और चंद्रमा का विशेष संयोग बनेगा।
यूरोप और अफ्रीका में दिखेगा सूर्य ग्रहण, भारत में नहीं पड़ेगा असर
29 मार्च का यह सूर्य ग्रहण पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, जो भारतीय समयानुसार दोपहर 2:21 बजे शुरू होकर शाम 6:14 बजे तक रहेगा। हालांकि यह खगोलीय घटना भारत में दिखाई नहीं देगी, इसलिए देश में इसका कोई धार्मिक या ज्योतिषीय प्रभाव नहीं माना जाएगा और न ही सूतक काल लागू होगा। यह सूर्य ग्रहण मुख्य रूप से यूरोप, रूस, अफ्रीका, अमेरिका के पूर्वी हिस्से, कनाडा, ग्रीनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, डेनमार्क, ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल समेत कई देशों में दिखाई देगा।
पांच ग्रहों का दुर्लभ संयोग, मीन राशि में बनेगा खास योग
ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस सूर्य ग्रहण के समय मीन राशि में सूर्य के साथ राहु, शुक्र, बुध और चंद्रमा का दुर्लभ योग बन रहा है। वहीं शनि देव द्वादश भाव में विराजमान होंगे। बृहस्पति वृषभ राशि में, मंगल मिथुन में और केतु कन्या राशि में स्थित रहेंगे। पांच ग्रहों के इस संयोग से ग्रहण का प्रभाव वैश्विक स्तर पर कई राशियों पर गहरा असर डाल सकता है।
100 साल बाद शनि का मीन राशि में प्रवेश, तीन राशियों को होगा बड़ा लाभ
सूर्य ग्रहण के साथ ही इस दिन एक और महत्वपूर्ण खगोलीय घटना होगी। शनि देव मीन राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि शनि का मीन राशि में प्रवेश 100 वर्षों बाद हो रहा है, जो धनु, मिथुन और कर्क राशि के जातकों के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। शनि के इस गोचर से इन तीनों राशियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की संभावना जताई गई है। शनि अब 3 जून 2027 तक मीन राशि में रहेंगे, जिससे इन राशियों को दीर्घकालिक लाभ मिल सकता है।
क्या कहती है ज्योतिष गणना?
ज्योतिष विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रहों के इस संयोग का असर वैश्विक आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों पर पड़ सकता है। हालांकि भारत में यह ग्रहण नहीं दिखेगा, इसलिए धार्मिक और पारंपरिक दृष्टि से किसी भी शुभ कार्य पर रोक नहीं होगी ।