कोनेरू हंपी ने दूसरी बार जीता विश्व रैपिड शतरंज खिताब, भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
- Post By Admin on Jan 02 2025

नई दिल्ली : भारत की नंबर 1 महिला शतरंज खिलाड़ी कोनेरू हंपी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए फिडे वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप 2024 का खिताब अपने नाम किया। रविवार को न्यूयॉर्क में आयोजित राउंड-11 में इंडोनेशिया की इरीन खारिस्मा सुकंदर को हराकर हंपी ने यह खिताब जीता। उन्होंने 11 में से 8.5 अंक जुटाए और टूर्नामेंट का समापन किया। यह उनकी दूसरी बार है जब उन्होंने इस प्रतिष्ठित खिताब को जीता है। इससे पहले 2019 में उन्होंने मॉस्को में पहला विश्व रैपिड खिताब जीता था।
कोनेरू हंपी की जीत और प्रेरणा की कहानी
कोनेरू हंपी ने अपनी इस शानदार जीत पर खुशी जताते हुए कहा, “37 साल की उम्र में विश्व चैंपियन बनना आसान नहीं है। उम्र बढ़ने के साथ प्रेरणा बनाए रखना और तेज़ बने रहना मुश्किल होता है। मुझे खुशी है कि मैंने यह कर दिखाया।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इस टूर्नामेंट को जीत सकती हूं। शुरुआत में मेरा पहला राउंड गेम हार गया था और मैं इस खिताब की उम्मीद भी नहीं कर रही थी। लेकिन इस जीत ने मुझे शतरंज के प्रति मेरी मेहनत को फिर से परखने और प्रेरित करने का काम किया।”
दूसरी बार यह खिताब जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी
कोनेरू हंपी अब चीन की जू वेनजुन के बाद दूसरी महिला शतरंज खिलाड़ी हैं जिन्होंने फिडे वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप खिताब को दो बार जीता है। हालांकि, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला शतरंज खिलाड़ी हैं। हंपी की यह जीत भारतीय शतरंज के इतिहास में एक और मील का पत्थर साबित हुई है। खासकर 2024 में भारतीय शतरंज की शानदार सफलता के संदर्भ में। इससे पहले इस वर्ष भारतीय टीम ने शतरंज ओलंपियाड में ओपन और महिला दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीते थे और डी गुकेश ने क्लासिकल शतरंज में विश्व चैंपियन का खिताब भी जीता था।
रूस के वोलोडर मुर्जिन ने रचा इतिहास
इस बीच, रूस के 18 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी वोलोडर मुर्जिन ने ओपन रैपिड खिताब जीतकर इतिहास रचा है। वह ओपन रैपिड चैंपियनशिप जीतने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
कोनेरू हंपी की इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा, “आपकी दृढ़ता और प्रतिभा लाखों लोगों को प्रेरित करती है। यह जीत और भी ऐतिहासिक है क्योंकि यह आपका दूसरा वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप खिताब है। आप वह एक मात्र भारतीय महिला हैं जिन्होंने यह अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल की है।” प्रधानमंत्री ने हंपी के इस सफलता के लिए उन्हें सारा देश की ओर से बधाई दी।