विजन कॉन्क्लेव 2047 में आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने की शिरकत

  • Post By Admin on Dec 24 2024
विजन कॉन्क्लेव 2047 में आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने की शिरकत

नई दिल्ली : बीते रविवार को दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित 'बिहार @ 2047 विजन कॉन्क्लेव' ने ऐतिहासिक सफलता के नए आयाम गढ़े। इस आयोजन का नेतृत्व 'लेट्स इंस्पायर बिहार' अभियान ने किया, जिसमें बिहार के विकास के लिए समर्पित सहयात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने अभियान की उपलब्धियों को बिहारवासियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।  

'बिहार @ 2047 विजन कॉन्क्लेव' में जनता की सहभागिता ने इतिहास रच दिया। कार्यक्रम में जहां केवल 600 लोगों की बैठने की व्यवस्था थी, वहां 2200 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। अत्यधिक भीड़ के कारण कई लोगों को लौटना पड़ा। दिल्ली-एनसीआर अध्याय के मुख्य समन्वयक इन्द्रमोहन यादव और उनकी टीम ने छह माह के अथक परिश्रम से इसे सफल बनाया।  

कार्यक्रम में बिहार के हर वर्ग और समुदाय का प्रतिनिधित्व दिखा, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान ने जाति और संप्रदाय के बंधनों से ऊपर उठकर हर बिहारवासी के दिल में जगह बनाई है। अगले आयोजन को लेकर विश्वास जताया गया कि यह तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है।  

कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 व्यक्तियों को 'बिहार गौरव सम्मान' प्रदान किया गया। इसमें बिहार की लूसी को संगीत के क्षेत्र में उनके अद्वितीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्री विकास वैभव के कर-कमलों से प्रदान किया गया।  

विजन कॉन्क्लेव में 16 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई। विशेषज्ञ पैनलों ने बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत किए। जल्द ही इन प्रस्तावों को विजन डॉक्यूमेंट के रूप में बिहार को समर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम में यह तय हुआ कि 2028 तक बिहार के हर पंचायत में अभियान की सक्रियता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही हर जिले में कम से कम पांच स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया।  

श्री वैभव ने बिहारवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान को हर गांव और नगर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि 14 करोड़ बिहारवासियों को इस महायज्ञ में जोड़ना है। अपने संकल्प को मजबूत करते हुए बिहार के गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए आगे बढ़ना है। उन्होंने ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब बिहारवासी एकजुट होते हैं, तो असंभव को भी संभव किया जा सकता है।