भारत पहले से ही एक हिंदू राष्ट्र है, अधिकृत घोषणा का मोहताज नहीं : मोहन भागवत

  • Post By Admin on Aug 28 2025
भारत पहले से ही एक हिंदू राष्ट्र है, अधिकृत घोषणा का मोहताज नहीं : मोहन भागवत

नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने गुरुवार को आयोजित ‘100 वर्ष की संघ यात्रा : नए क्षितिज’ कार्यक्रम में बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत पहले से ही हिंदू राष्ट्र है और इसे अधिकृत घोषणा की आवश्यकता नहीं है।

भागवत ने स्पष्ट कहा, “भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करना नहीं है, वह पहले से है। ऋषियों और मुनियों ने इसे राष्ट्र घोषित कर दिया है। हिंदू शब्द किसी औपचारिक घोषणा का मोहताज नहीं है, यह एक सत्य है।”

उन्होंने आगे कहा कि हिंदू राष्ट्र को मानने से लाभ है और न मानने से नुकसान, जिसे आजमा कर देखा जा सकता है।

संघ प्रमुख ने अपने संबोधन में साझा सांस्कृतिक विरासत पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय मुसलमान और ईसाई भी इसी चेतना से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, “हम मुसलमान हो सकते हैं, हम ईसाई हो सकते हैं, लेकिन हम यूरोपीय, अरब या तुर्क नहीं हैं। हम भारतीय हैं।”

अखंड भारत की अवधारणा पर बोलते हुए भागवत ने कहा कि यह केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सभ्यतागत विचार है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में अनेक शासक होने के बावजूद भारतीय जनता को पूरे भूभाग में स्वतंत्र आवाजाही और बसने का अधिकार था।

धर्मांतरण पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी धन सेवा कार्यों के लिए आए तो आपत्ति नहीं है, लेकिन अगर उसका उपयोग धर्मांतरण में होता है तो प्रतिबंध जरूरी हो जाते हैं।