जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

  • Post By Admin on Aug 05 2025
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

नई दिल्ली : देश के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक का मंगलवार को दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। सत्यपाल मलिक 77 वर्ष के थे।

उनके निधन की सूचना उनके आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से साझा की गई, जिसमें लिखा गया—"पूर्व गवर्नर चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक नहीं रहे।"

चौधरी सत्यपाल मलिक ने अपने राजनीतिक जीवन में बिहार, गोवा, मेघालय और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभाली। वे जम्मू-कश्मीर के अंतिम पूर्णकालिक राज्यपाल थे, जब राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किया गया था। वे अपने बेबाक बयानों और स्पष्ट विचारों के लिए हमेशा चर्चा में रहे।

उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। कई नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सार्वजनिक जीवन को याद किया।

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ जननेता सत्यपाल मलिक के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वे हमेशा जनहित की बात निर्भीकता से रखते रहे। जननायक जनता पार्टी उनकी बेबाक राजनीति, किसान हितैषी सोच और सार्वजनिक जीवन में सादगी को सादर नमन करती है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।"

सत्यपाल मलिक का राजनीतिक सफर 1970 के दशक में शुरू हुआ था। वे राज्यसभा और लोकसभा दोनों के सदस्य रह चुके थे और विभिन्न दलों में कार्य करते हुए सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।

उनके निधन से देश ने एक निर्भीक वक्ता, स्पष्टवादी राजनेता और किसानों की आवाज़ उठाने वाला एक मुखर नेता खो दिया है।