राम मंदिर ट्रस्ट में पहली बार महिला भागीदारी, डॉ. निर्मला यादव बनीं ट्रस्टी

  • Post By Admin on Sep 03 2026
राम मंदिर ट्रस्ट में पहली बार महिला भागीदारी, डॉ. निर्मला यादव बनीं ट्रस्टी

अयोध्या : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के इतिहास में पहली बार किसी महिला को ट्रस्टी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीन नए सदस्यों में शामिल डॉ. निर्मला यादव ने कहा कि इस भूमिका की उन्हें पहले से कोई अपेक्षा नहीं थी। ट्रस्ट का हिस्सा बनने और पहली महिला ट्रस्टी के रूप में जिम्मेदारी मिलने को उन्होंने अपने लिए सम्मान, खुशी और गर्व का अवसर बताया।

डॉ. निर्मला यादव ने कहा कि राम मंदिर भारत की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष महत्व रखता है। नई जिम्मेदारी के तहत मंदिर के प्रशासन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर उनका विशेष ध्यान रहेगा। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की व्यवस्था में यदि कहीं कोई कमी या खामी सामने आती है तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

ट्रस्ट में चंदे से जुड़ी अनियमितताओं के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. निर्मला यादव ने अपने करीब 25 वर्षों के प्रधानाचार्य पद के अनुभव का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई तरह की चुनौतियों का सामना किया, लेकिन निर्णय लेते समय निष्पक्षता को हमेशा महत्व दिया। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता उनकी कार्यशैली की पहचान रही है और आगे भी इसी दृष्टिकोण के साथ जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करेंगी।

डॉ. निर्मला यादव को ट्रस्ट में शामिल किए गए तीन नए ट्रस्टियों में जगह मिली है। उनके शामिल होने के साथ ही ट्रस्ट में पहली बार किसी महिला की भागीदारी हुई है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़ी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है और वह इसे पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ निभाने का प्रयास करेंगी।