असीम घोष बने हरियाणा के नए राज्यपाल, लद्दाख की कमान संभालेंगे कविंदर गुप्ता
- Post By Admin on Jul 15 2025

नई दिल्ली : देश में संवैधानिक पदों पर एक बड़ा फेरबदल करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को दो राज्यों के राज्यपाल और एक केंद्रशासित प्रदेश के उपराज्यपाल की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इस बदलाव के तहत असीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक गजपति राजू को गोवा का नया राज्यपाल बनाया गया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इन सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है। राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
लद्दाख भेजे गए कविंदर गुप्ता
जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख की उपराज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा की रणनीतिक नियुक्ति माना जा रहा है। बता दें कि लद्दाख 2019 तक जम्मू-कश्मीर का हिस्सा था और कविंदर गुप्ता इस क्षेत्र की राजनीति, संस्कृति और सामाजिक तानेबाने से भलीभांति परिचित माने जाते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी ने उन्हें लद्दाख में प्रशासनिक स्थायित्व और राजनीतिक संतुलन के उद्देश्य से भेजा है।
हरियाणा में असीम घोष की ताजपोशी
हरियाणा के नए राज्यपाल के तौर पर असीम कुमार घोष की नियुक्ति को विशेषज्ञ एक प्रशासनिक दृष्टिकोण से अहम मान रहे हैं। घोष को एक अनुभवी और शांत प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जाना जाता है, जिनसे हरियाणा में स्थायित्व और सुचारू राजकाज की उम्मीद जताई जा रही है।
गोवा को मिला नया राज्यपाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक गजपति राजू की गोवा के राज्यपाल पद पर नियुक्ति दक्षिण भारत से लेकर पश्चिमी तट तक भाजपा के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा के ‘राजनीतिक संतुलन साधने’ की एक बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, इससे संवैधानिक पदों पर युवा नेतृत्व और अनुभवी नेताओं के समायोजन की नीति भी सामने आती है।