जापान को पीछे छोड़ भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, जल्द जर्मनी को भी देगा मात
- Post By Admin on May 25 2025

नई दिल्ली : भारत ने वैश्विक आर्थिक मंच पर एक ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल कर लिया है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रह्मण्यमp ने शनिवार को 10वीं नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद प्रेस वार्ता में यह अहम जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत की GDP अब 4 ट्रिलियन डॉलर को पार कर चुकी है, जो अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के ताज़ा आंकड़ों पर आधारित है। सुब्रह्मण्यम ने कहा, "यह मेरा नहीं, IMF का डेटा है। भारत अब जापान से भी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।"
IMF के वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक अप्रैल 2025 के अनुसार, भारत की नॉमिनल जीडीपी 4,187.017 अरब डॉलर तक पहुंच गई है, जबकि जापान की जीडीपी 4,186.431 अरब डॉलर पर रह गई। यह मामूली अंतर भारत को जापान से ऊपर ले गया है।
सुब्रह्मण्यम ने आगे कहा कि यदि मौजूदा विकास योजनाओं पर देश डटा रहा, तो अगले 2.5 से 3 वर्षों में भारत जर्मनी को पीछे छोड़ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बन जाएगा। IMF के अनुमानों के अनुसार, भारत की जीडीपी 2027 तक 5.07 ट्रिलियन डॉलर और 2028 तक 5.58 ट्रिलियन डॉलर हो सकती है। वहीं, 2028 तक जर्मनी की जीडीपी 5.25 ट्रिलियन डॉलर अनुमानित है।
वर्तमान में, अमेरिका 30.5 ट्रिलियन डॉलर और चीन 19.2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका की आर्थिक वृद्धि दर 2025 में 1.8% और 2026 में 1.7% रहने की संभावना है। यूरोप की वृद्धि दर 2025 में सिर्फ 0.8% रहने का अनुमान है।
यूरोपीय देशों में स्पेन को छोड़ अधिकांश अर्थव्यवस्थाएं धीमी गति से आगे बढ़ रही हैं, जबकि भारत अपनी तेज विकास दर से वैश्विक मंच पर नई आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत की यह प्रगति मजबूत नीतिगत ढांचे, तेजी से बढ़ते निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था और युवाओं की बड़ी आबादी के कारण संभव हो पाई है।