ई-व्हीकल और सोलर सेक्टर को बढ़ावा देने पर जोर, डॉ. अविनाश तिरंगा ने सीएम से की अहम चर्चा
- Post By Admin on Apr 19 2026
मुजफ्फरपुर : बिजनेस एलायंस ऑफ भारत एवं ग्रीन एनर्जी एंड ई-मोबिलिटी काउंसिल ऑफ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अविनाश तिरंगा उर्फ ‘ऑक्सीजन बाबा’ ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान बिहार में अक्षय ऊर्जा और ई-व्हीकल सेक्टर के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. तिरंगा ने कहा कि राज्य में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और यदि सरकार, उद्योग एवं समाज मिलकर कार्य करें तो बिहार इस क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एवं ग्रीन रोजगार को बढ़ावा देने के लिए ठोस नीतियां बनाने का आग्रह किया, जिससे युवाओं को नए रोजगार के अवसर मिलें और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिले।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पहल की सराहना करते हुए राज्य में सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। यह मुलाकात बिहार को हरित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस अवसर पर अनिल द्विवेदी एवं हसनैन आजीम भी उपस्थित रहे।