भारत मंडपम बनेगा भारतीय उद्योग और व्यापार का केंद्र, 12 अगस्त से शुरू होगा व्यापार महोत्सव
- Post By Admin on Jul 30 2026
मुजफ्फरपुर : नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक “भारतीय व्यापार महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) के जिला अध्यक्ष, मुजफ्फरपुर एवं बिहार के सह उपाध्यक्ष मोहम्मद दिलशाद ने व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को महोत्सव में भाग लेने का आमंत्रण दिया है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन देश का एक प्रमुख व्यापारिक मेला होगा, जिसमें भारतीय कंपनियां, निर्माता, MSME उद्योग, स्टार्टअप, महिला उद्यमी तथा विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। मोबाइल एक्सेसरीज, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और अन्य कई क्षेत्रों की प्रमुख भारतीय कंपनियां भी इसमें अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करेंगी। मोहम्मद दिलशाद ने कहा कि यह महोत्सव नए व्यापारिक अवसरों की खोज, नए उत्पादों की जानकारी प्राप्त करने, व्यापार विस्तार की संभावनाएं तलाशने और देशभर के व्यापारियों एवं उद्योग विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने व्यापारिक सहयोगियों, मित्रों तथा उद्योग और व्यवसाय में रुचि रखने वाले लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
आयोजन के दौरान बिजनेस डेलिगेट्स के लिए सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां नई कंपनियों से नेटवर्किंग, व्यापारिक साझेदारी और उद्योग विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिलेगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। वहीं सामान्य आगंतुकों के लिए दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक प्रवेश रहेगा, जहां वे भारतीय उद्योग, MSME, स्टार्टअप और महिला उद्यमियों के स्टॉल का अवलोकन कर सकेंगे तथा नई व्यावसायिक जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
मोहम्मद दिलशाद ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” के सपने को मजबूत बनाने के लिए भारतीय उद्योगों और व्यापारिक संस्थानों का सहयोग और सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी व्यापारियों से भारत मंडपम में आयोजित इस महोत्सव में पहुंचकर भारतीय कंपनियों का उत्साहवर्धन करने और अपने व्यवसाय के लिए नए अवसर तलाशने का आग्रह किया। आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव भारतीय व्यापार, उद्योग और नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।