15 महीने से जारी विनाशकारी हिंसा के बाद इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते ने गाजा में शांति की उम्मीद जगाई है। इस समझौते के तहत, हमास की कैद में बंद 100 से अधिक इजरायली बंधकों की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। कतर के प्रधानमंत्री ने बुधवार को इस समझौते की घोषणा की, जो रविवार से लागू होगा। समझौता अमेरिका, मिस्र और कतर की मध्यस्थता का नतीजा है।

अमेरिकी के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस समझौते को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने इसे अपने प्रशासन की कूटनीतिक सफलता बताया। बाइडन ने कहा, "यह अब तक की सबसे कठिन वार्ताओं में से एक रही है। हमास पर इजरायल के दबाव और अमेरिका की रणनीतिक कूटनीति ने इस समझौते को संभव बनाया।" उन्होंने क्षेत्रीय समीकरणों के बदलने को भी इस सफलता का कारण बताया।

वहीं, अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस समझौते का श्रेय खुद को दिया। उन्होंने कहा, "यह युद्धविराम हमारी ऐतिहासिक चुनावी जीत के परिणामस्वरूप ही संभव हुआ। हमारी जीत ने दुनिया को यह संदेश दिया कि हमारा प्रशासन शांति का पक्षधर है।" ट्रंप ने बंधकों की रिहाई पर खुशी जाहिर की।

यूरोपीय संघ ने इस समझौते का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में एक कदम बताया। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा, "इस समझौते ने लंबे समय से दुख झेल रहे क्षेत्र में उम्मीद जगाई है।" ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा, "यह खबर लंबे समय से प्रतीक्षित थी। निर्दोष फिलिस्तीनियों के लिए यह युद्धविराम मानवीय राहत का रास्ता खोलेगा।"

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस समझौते को लागू करने और गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता जताई। तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान ने इसे क्षेत्रीय स्थिरता के लिए अहम बताया और दो-राज्य समाधान का समर्थन किया। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने युद्धविराम का स्वागत करते हुए गाजा में मानवीय सहायता की तेज आपूर्ति पर जोर दिया।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर डी क्रूक ने कहा, "बंधकों और उनके परिवारों के लिए यह राहत भरी खबर है। यह स्थायी शांति की शुरुआत हो सकती है।"