डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर वैश्विक मीडिया ने दी श्रद्धांजलि 

  • Post By Admin on Dec 27 2024
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर वैश्विक मीडिया ने दी श्रद्धांजलि 

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और देश की अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच पर लाने वाले डॉ. मनमोहन सिंह का बीते गुरुवार रात 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से देश और दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है।

वैश्विक स्तर पर दी गई श्रद्धांजलि

डॉ. मनमोहन सिंह को दुनियाभर के प्रमुख मीडिया हाउस और नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उन्हें "अर्थव्यवस्था के सुधारों का शिल्पकार" और "संकोची राजा" जैसे विशेषणों से नवाजा गया। अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने 1991 के आर्थिक सुधारों का जिक्र करते हुए लिखा कि कैसे उनके द्वारा किए गए सुधारों ने भारत को आर्थिक संकट से उबारा और देश को वैश्विक मंच पर एक सशक्त आर्थिक महाशक्ति बना दिया।

विदेशी मीडिया में सराहना

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने उन्हें "मृदुभाषी" और "बौद्धिक" व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके आर्थिक सुधारों ने भारत को चीन के मुकाबले एक प्रमुख आर्थिक शक्ति बना दिया। द वाशिंगटन पोस्ट ने डॉ. मनमोहन सिंह को "ऑक्सफोर्ड से पढ़ा हुआ एक मृदुभाषी अर्थशास्त्री" कहा और उनकी नीतियों को गरीबी में जूझ रहे भारत को उभरती हुई शक्ति में बदलने के रूप में सराहा। बीबीसी ने उन्हें "आर्थिक उदारीकरण के प्रमुख वास्तुकार" के रूप में पहचानते हुए कहा कि उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत में कई महत्वपूर्ण आर्थिक सुधार हुए जैसे करों में कटौती, रुपए का अवमूल्यन, सरकारी कंपनियों का निजीकरण और विदेशी निवेश को बढ़ावा देना।

अमेरिकी सरकार का शोक संदेश

अमेरिकी विदेश विभाग ने डॉ. मनमोहन सिंह को "भारत-अमेरिका सामरिक साझेदारी के महानतम समर्थकों में से एक" बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत-अमेरिका परमाणु समझौता संभव हो सका, जिससे दोनों देशों के संबंधों में नई संभावनाओं का द्वार खोला।

डॉ. मनमोहन सिंह की विरासत

डॉ. मनमोहन सिंह ने 1991 में वित्त मंत्री के रूप में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी और 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभाई। उनके निधन से भारत ने एक महान नेता, प्रख्यात अर्थशास्त्री और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व खो दिया है।