हथकड़ी और जंजीरों में बांध अमेरिका ने भारतीयों को निकाला बाहर, खौफनाक तस्वीरें आईं सामने

  • Post By Admin on Feb 06 2025
हथकड़ी और जंजीरों में बांध अमेरिका ने भारतीयों को निकाला बाहर, खौफनाक तस्वीरें आईं सामने

अमेरिका ने अवैध भारतीय प्रवासियों के खिलाफ अपने सामूहिक निर्वासन अभियान के तहत 104 भारतीयों को देश से बाहर किया। अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल पुलिस ने इस डिपोर्टेशन की एक वीडियो और तस्वीरें जारी की हैं। जिनमें भारतीय नागरिकों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में जंजीरें दिखाई दे रही हैं। यह घटना 5 फरवरी को घटित हुई, जब अमेरिकी सेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान इन 104 भारतीय नागरिकों को लेकर पंजाब के अमृतसर में उतरा।

बंधे हुए भारतीयों की खौफनाक तस्वीरें

अमेरिका के बॉर्डर पेट्रोल पुलिस चीफ, माइकल डब्ल्यू बैंक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर किया। जिसमें भारतीय नागरिकों को हथकड़ी और जंजीरों में बंधा हुआ दिखाया गया। बैंक्स ने कहा कि यह मिशन आव्रजन कानूनों को लागू करने और त्वरित निष्कासन सुनिश्चित करने के लिए अमेरिकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जो लोग अवैध रूप से अमेरिका की सीमा पार करेंगे, उन्हें वापस भेज दिया जाएगा।

भारतीय नागरिकों के अनुभव

वहीं, डिपोर्टेशन फ्लाइट से लौटने वाले एक भारतीय नागरिक ने बताया कि उन्हें 40 घंटे तक हथकड़ी और जंजीरों में बंधा रखा गया। वह शौचालय जाने के लिए कई बार अनुरोध करने के बावजूद जंजीरों में ही घिसटते हुए गए। एक अन्य यात्री ने बताया कि उन्हें खाना खाने के दौरान भी हथकड़ी पहनी रही और खाने के लिए थोड़ी देर के लिए हथकड़ी हटाने का अनुरोध करने पर भी उसे नकारा कर दिया गया। उन्होंने यह यात्रा अत्यधिक दर्दनाक और अपमानजनक बताई।

अमेरिकी दूतावास का बयान

इस बीच, भारत में अमेरिकी दूतावास ने इस मामले पर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अमेरिका के आव्रजन कानूनों का पालन करना अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दूतावास ने यह भी कहा कि यह नीति अस्वीकार्य और हटाए जाने योग्य विदेशियों के खिलाफ आव्रजन कानूनों को लागू करने के बारे में है।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका ने 18,000 भारतीय नागरिकों की पहचान की है, जिन्हें डिपोर्ट किया जाना है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में यह आंकड़ा और अधिक बताया गया है। रिसर्च के अनुसार, अमेरिका में 7 लाख से अधिक अवैध प्रवासी भारतीय नागरिक हैं।

इस पूरे मामले ने एक बार फिर अमेरिकी आव्रजन नीतियों और प्रवासियों के अधिकारों को लेकर बहस को जन्म दिया है। भारतीयों को ऐसे जंजीरों और हथकड़ियों में बंधे देख कई लोगों ने इन विधियों की आलोचना की है।