युवा राष्ट्र की रीढ़: मालीघाट में युवा संवाद कार्यक्रम में गूंजे सशक्त विचार
- Post By Admin on Apr 01 2026
मुजफ्फरपुर: जिले में युवाओं की भूमिका और उनके भविष्य को लेकर एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर युवाओं की ताकत और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बीते बुधवार को मालीघाट में सरला श्रीवास युवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित “युवा संवाद” कार्यक्रम समाजसेवी सोनू सरकार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और उनके भीतर छिपी ऊर्जा को सही दिशा देना था।
अध्यक्षीय संबोधन में सोनू सरकार ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। उनकी ऊर्जा, नई सोच और साहस ही समाज और देश को आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि भारत की आधी से अधिक आबादी युवाओं की है, और यदि उन्हें सही शिक्षा, कौशल और मार्गदर्शन मिल जाए, तो भारत को वैश्विक नेतृत्वकर्ता और विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। कार्यक्रम में सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक एवं प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का युवा पारंपरिक सोच को चुनौती देते हुए नवाचार और सकारात्मक बदलाव का वाहक बन रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीति, खेल और तकनीक जैसे क्षेत्रों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी देश की प्रगति को तेज कर रही है। जागरूक युवा समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाते हैं और एक सशक्त व संगठित राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर अनिल कुमार ठाकुर ने युवाओं की परिभाषा को व्यापक बताते हुए कहा कि युवा केवल आयु का दायरा नहीं है, बल्कि वह व्यक्ति युवा है जिसके भीतर कुछ कर गुजरने की ललक और जुनून हो। उन्होंने कहा कि यदि युवा शक्ति को सही अवसर और दिशा दी जाए, तो वे देश को विश्व पटल पर सर्वोच्च स्थान तक पहुंचा सकते हैं। युवा मंडल के सचिव गोलू कुमार ने भी युवाओं को देश की असली ताकत बताते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करने और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में आदित्य राज, आर्यन, दानिश, कांता देवी, बबीता ठाकुर और प्रमिला देवी सहित कई युवा और समाजसेवी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने विचार साझा किए और कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर सरला श्रीवास युवा रत्न सम्मान से चंदन कुमार, आदित्य सुमन, गोलू कुमार, स्वेता कुमारी, दीपू कुमार और अंकित कुमार को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन युवाओं को दिया गया, जिन्होंने समाज में सकारात्मक योगदान दिया है। कार्यक्रम के अंत में सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि युवाओं में इतिहास बदलने की क्षमता होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की बात कही। समापन के साथ ही यह संदेश स्पष्ट हुआ कि यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा और अवसर मिले, तो वे न केवल अपने भविष्य को संवार सकते हैं, बल्कि पूरे राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखते हैं।