विश्व युवा परिषद की पहल, रक्तदान कर कैंसर पीड़िता की मदद को आगे आए सदस्य

  • Post By Admin on Apr 06 2026
विश्व युवा परिषद की पहल, रक्तदान कर कैंसर पीड़िता की मदद को आगे आए सदस्य

सीतामढ़ी : समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए विश्व युवा परिषद की प्रदेश अध्यक्षा संजू यादव ने एक कैंसर पीड़िता की जान बचाने के लिए रक्तदान किया। यह पहल विश्व युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश यादव के निर्देश पर की गई।

जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखंड स्थित विश्वनाथपुर गांव की रहने वाली संजू यादव ने फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर से पीड़ित इंद्रा उर्फ इंदल देवी की मदद के लिए रक्तदान किया। उनके नेतृत्व में कुल पांच यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिससे पीड़िता के उपचार में सहयोग मिला।

इस अवसर पर संजू यादव ने कहा कि प्रत्येक महिला को हर तीन महीने में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए, क्योंकि रक्तदान से कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि उनके आह्वान पर संगठन के अन्य सदस्यों ने भी रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

संजू यादव ने कहा कि विश्व युवा परिषद द्वारा संचालित यूथ ब्लड सेंटर आने वाले समय में एक बड़े रक्त केंद्र के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि जब भी किसी व्यक्ति पर विपत्ति आती है, तब संगठन के सदस्य मदद के लिए आगे आते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के संस्थापक मुकेश यादव के मार्गदर्शन और प्रेरणा से अब तक हजारों लोगों की जान बचाई जा चुकी है। उनके प्रेरक प्रयासों के कारण लाखों लोग विश्व युवा परिषद से जुड़कर समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बना रहे हैं।