आरडीएस कॉलेज में विजय कुमार की सेवाओं का सम्मान, विदाई समारोह में उमड़ा स्नेह

  • Post By Admin on Jun 30 2026
आरडीएस कॉलेज में विजय कुमार की सेवाओं का सम्मान, विदाई समारोह में उमड़ा स्नेह

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय में तृतीय वर्गीय कर्मचारी विजय कुमार के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर मंगलवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिवार ने उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके दीर्घ, स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने विजय कुमार के लंबे सेवाकाल और संस्थान के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि विजय कुमार ने पूरे कार्यकाल में अपने दायित्वों का ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ निर्वहन किया। उनका कार्य हमेशा प्रेरणादायक रहा और कार्यालय में आने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य लोगों के प्रति उनका सहयोगी एवं सौम्य व्यवहार सभी के लिए अनुकरणीय रहेगा। प्राचार्य ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता केवल शिक्षकों या प्राचार्य पर निर्भर नहीं होती, बल्कि विजय कुमार जैसे कर्मठ और समर्पित कर्मचारियों की निष्ठा भी उसकी मजबूत नींव होती है। उनकी सेवाओं को महाविद्यालय परिवार हमेशा याद रखेगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी विजय कुमार के कार्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और अनुभव की सराहना करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विजय कुमार ने महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा अवधि के दौरान उन्हें सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वह जीवनभर याद रखेंगे।

समारोह में डॉ. नीलिमा झा, डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. एम.एन. रजवी, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. जयदीप घोष, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. नीरज मिश्रा, डॉ. भैरवी, डॉ. रवि शंकर कुमार, निर्मल कुमार शर्मा, आशीष रंजन, कार्तिक पुरनेंदु, सोनी वर्मा, राहुल कुमार, धीरज कुमार, अशोक कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, रूपेश झा, राजेश कुमार, दिगंबर कुमार, डेजी कुमारी, कुमारी निधि, सविता कुमारी सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।