बेटी बचाओ बेटी, पढ़ाओ योजना के तहत पॉक्सो एक्ट पर कार्यशाला आयोजित

  • Post By Admin on Feb 21 2024
बेटी बचाओ बेटी, पढ़ाओ योजना के तहत पॉक्सो एक्ट पर कार्यशाला आयोजित

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देशानुसार लखीसराय प्रखंड अंर्तगत मध्य विद्यालय वृंदावन एवम् कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, रजौना चौकी में बेटी बचाओ बेटी, पढ़ाओ योजना अंतर्गत पॉक्सो एक्ट पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार के द्वारा सभी सम्मनित अतिथियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। उसके बाद सभी अतिथियों का उनके द्वारा परिचय कराया गया।

जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि बच्चा कौन है? उन्होंने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत 18 वर्ष से कम उम्र वाले सभी को बच्चा माना गया है। यहां बच्चा से तात्पर्य है लड़का एवम् लड़की दोनों।पॉक्सो (POCSO) एक्ट का पूरा नाम प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंसेस एक्ट है। पॉक्सो एक्ट से बचने का कोई उपाय नहीं है, लेकीन अगर ये साबित होता है की पीड़िता की उम्र 18 वर्ष से ज्यादा है तो ही इस अधिनियम को हटाया जा सकता है। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि यौन अपराधों से बच्चों को संरक्षण करने के लिए पॉक्सो एक्ट वर्ष 2012 में बनाया गया है। इस कानून के माध्यम से नाबालिग बच्चों के प्रति यौन उत्पीड़न, यौन शौषण और पोनोग्राफी जैसे यौन अपराध और छेड़छाड़ के मामलों में कार्यवाही किया जाता है। पॉक्सो एक्ट के तहत सभी अपराधों की सुनवाई एक विशेष न्यायालय द्वारा कैमरे के सामने बच्चे के माता पिता या जिन लोगों पर बच्चा भरोसा करता है, उनकी मौजूदगी में करने का प्रवधान है। 12 वर्ष से कम उम्र की बच्चियों से रेप के मामलों में मौत की सजा और 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चियों से रेप करने पर 20 साल की सजा का प्रवधान है। केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने बताया कि जहां दोषी व्यक्ति को कड़े से कड़े सजा का प्रवधान है वहीं, पॉक्सो पीड़िता को कुछ सुविधा भी उपलब्ध कराया गया है। जैसे पॉक्सो पीड़िता को इसके तहत चार हजार रूपए प्रति माह आर्थिक मदद दिया जाता है, पीड़िता को आवास, खाना, शिक्षा, मेडिकल व कानूनी सहायता के साथ बुनियादी सुविधाएं भी निःशुल्क 23 वर्ष की उम्र तक कराई जाती है।

मौके पर बाल रक्षा भारत उड़ान परियोजना के जिला समन्वयक आरिफ हुसैन, लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार, सहायक शिक्षक, कस्तुरबा विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका निभा कुमारी, सहायक शिक्षिका सहित दर्जनों छात्रा उपस्थित रहें।