मुजफ्फरपुर में भरत तिवारी को कैंडल मार्च निकालकर दी गई श्रद्धांजलि, न्याय की मांग तेज
- Post By Admin on Jun 29 2026
मुजफ्फरपुर: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में हुए भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के मामले को लेकर रविवार को मुजफ्फरपुर में कैंडल मार्च निकाला गया। हिंदुवादी नेता वैभव मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल से भारत माता नमन स्थल तक मार्च निकालकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और मामले में न्याय की मांग की।
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। हाथों में मोमबत्तियां लिए युवाओं ने भरत तिवारी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय दिलाने की मांग को बुलंद किया। इस अवसर पर वैभव मिश्रा ने कहा कि भरत तिवारी ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा दलितों, गरीबों, वंचितों और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने में समर्पित किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले भरत तिवारी की पुलिस द्वारा बर्बर तरीके से हत्या की गई।
उन्होंने कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषी पुलिसकर्मियों को कानून के तहत सजा नहीं मिलती, तब तक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने भी भरत तिवारी को श्रद्धांजलि देते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।