गोरखपुर में करंट से दर्दनाक मौत, सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आए बुजुर्ग
- Post By Admin on Jul 25 2026
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गोला थाना क्षेत्र के सुरदापार शुक्ल गांव की है, जहां करंट लगने से बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान पारसनाथ विश्वकर्मा (80) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह किसी काम से साइकिल से गोला बाजार गए थे। दोपहर में क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिससे गांव में तूफानी नायक के घर के पास स्थित बिजली के पोल की एलटी लाइन का तार टूटकर सड़क पर लटक गया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
बताया गया कि दोपहर करीब 2:30 बजे पारसनाथ विश्वकर्मा गोला बाजार से साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में वह सड़क पर लटक रहे बिजली के तार को नहीं देख सके। उनकी साइकिल तार में फंस गई और वह करंट की चपेट में आकर सड़क किनारे नाली में गिर पड़े। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद जब स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी, तब बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें नाली से बाहर निकाला और गोला कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के जिस हिस्से में हादसा हुआ, वहां लोगों का आवागमन अपेक्षाकृत कम रहता है। इसी कारण अधिकांश लोगों को यह जानकारी नहीं थी कि सड़क पर बिजली का तार लटका हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए टूटे हुए तारों की नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत की मांग की है।