गाँवों में गूंज रही है महिलाओं की आवाज, महिला संवाद कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर ले रही हैं भागीदारी
- Post By Admin on Apr 29 2025
.jpg)
लखीसराय : बिहार सरकार द्वारा महिलाओं के अधिकार, सम्मान और भागीदारी को सशक्त करने के उद्देश्य से शुरू किया गया 'महिला संवाद कार्यक्रम' राज्य भर में व्यापक असर दिखा रहा है। 18 अप्रैल से शुरू यह बहुउद्देशीय मेगा इवेंट बिहार के सभी 534 प्रखंडों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें महिलाएं और छात्राएं अपने सपनों, जरूरतों और विचारों को खुलकर साझा कर रही हैं।
लखीसराय जिला भी इस ऐतिहासिक पहल का सक्रिय हिस्सा बन गया है, जहां मंगलवार को जिले के पाँच प्रखंडों के 10 गांवों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं और छात्राओं ने भाग लेकर सरकार से संवाद स्थापित किया।
बदलाव की साझेदार बनीं ग्रामीण महिलाएं
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, स्वरोजगार, लघु उद्योग, नाली-गली विस्तार, सामुदायिक शौचालय, दिव्यांग व विधवा पेंशन जैसी कई योजनाओं पर अपने अनुभव साझा किए और जरूरी सुझाव भी दिए।
चानन प्रखंड के संग्रामपुर गांव की पूनम देवी ने ‘हर घर नल योजना’, ‘पोशाक योजना’ और ‘मुख्यमंत्री साइकिल योजना’ के लिए बिहार सरकार का आभार जताया। वहीं, लखीसराय की बबीता देवी ने कहा कि राज्य की महिलाएं अब घर की चारदीवारी से निकलकर शिक्षक, उद्यमी, पुलिसकर्मी और स्वास्थ्यकर्मी बनकर सशक्त पहचान बना रही हैं।
छात्राओं की भी मुखर भागीदारी
छात्राओं ने अपने गांवों में उच्च माध्यमिक विद्यालय, अत्याधुनिक पुस्तकालय और तकनीकी शिक्षा केंद्रों की मांग करते हुए राज्य सरकार को छात्रा हितैषी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया।
महिलाओं की आवाज होगी भविष्य की नीतियों की दिशा
‘महिला संवाद’ में व्यक्त की गई आकांक्षाओं और सुझावों को एक विशेष मोबाइल एप के माध्यम से संकलित किया जा रहा है, ताकि आगामी योजनाओं और नीतियों में महिलाओं की वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता दी जा सके।
आज के कार्यक्रमों का आयोजन निम्नलिखित ग्राम संगठनों द्वारा किया गया:
-
सुरज ग्राम संगठन: अमहरा (लखीसराय सदर)
-
आस्था ग्राम संगठन: बिल्लो (रामगढ़ चौक)
-
तुलसी ग्राम संगठन: इमामनगर
-
गौरी ग्राम संगठन: सूर्यपुरा (सूर्यगढ़ा)
-
खुशी ग्राम संगठन: जकरपुरा
-
प्रेम ग्राम संगठन: सीरखन्दी (हलसी)
-
फुलवारी ग्राम संगठन: बंदौल
-
आनंद ग्राम संगठन: संग्रामपुर (चानन)
-
शांति ग्राम संगठन: गोहरी
महिला संवाद कार्यक्रम सिर्फ चर्चा का मंच नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में उठाया गया एक ठोस कदम है, जो समाज के समावेशी और सतत विकास को नई दिशा दे रहा है।