युवा शक्ति से ही विकसित भारत का सपना संभव : सोनू सरकार
- Post By Admin on Apr 01 2026
मुजफ्फरपुर : मालीघाट में सरला श्रीवास युवा मंडल के तत्वावधान में बुधवार को युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सोनू सरकार ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं, जो अपनी ऊर्जा, नई सोच और साहस के बल पर समाज और देश के विकास को नई दिशा देते हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में सोनू सरकार ने कहा कि भारत की आधी से अधिक आबादी युवा है और यदि उन्हें सही कौशल, शिक्षा और मार्गदर्शन मिले तो वे देश को वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर कर सकते हैं तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने कहा कि युवा वर्ग पारंपरिक सोच को चुनौती देते हुए नवाचार और सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि राजनीति, खेल और तकनीक जैसे क्षेत्रों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देश की प्रगति को गति प्रदान करती है। जागरूक युवा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष करते हुए राष्ट्र को मजबूत और संगठित पहचान दिलाते हैं।
इस अवसर पर अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि युवा केवल 18 से 40 वर्ष की आयु तक सीमित नहीं है, बल्कि जिसके भीतर कुछ नया करने और बदलाव लाने की आग हो, वही सच्चा युवा है। यदि युवाओं को सही अवसर, शिक्षा और दिशा मिले तो वे देश को विश्व पटल पर सर्वोच्च स्थान दिला सकते हैं।
युवा मंडल के सचिव गोलू कुमार ने भी युवाओं की शक्ति और उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सरला श्रीवास युवा रत्न सम्मान से चंदन कुमार, आदित्य सुमन, गोलू कुमार, स्वेता कुमारी, दीपू कुमार और अंकित कुमार को अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आदित्य राज, आर्यन, दानिश, कांता देवी, बबीता ठाकुर, प्रमिला देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे। अंत में सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि युवाओं में इतिहास बदलने की क्षमता होती है।