मुजफ्फरपुर के सात प्रतिभागी नैनीताल रवाना, अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
- Post By Admin on Feb 07 2026
मुजफ्फरपुर: बिहार के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नेतृत्व विकास का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत मुजफ्फरपुर के सात प्रतिभागी एवं एक एस्कॉर्ट नैनीताल के लिए रवाना हुए हैं। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत योजना के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बिहार के पांच जिलों—पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और वैशाली—से कुल 35 प्रतिभागी एवं दो एस्कॉर्ट इस शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक यात्रा में शामिल हैं। सभी प्रतिभागी उत्तराखंड स्थित कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना और अनुभव आधारित सीख के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी विभिन्न राज्यों की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों से रूबरू होंगे।
मुजफ्फरपुर जिले से इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों में विनीत कुमार सिंह, प्रिंस कुमार, संजीत कुमार, विवेक कुमार, शुभम रानी, गौतम कुमार झा और विकास कुमार शामिल हैं। वहीं एस्कॉर्ट के रूप में चंदन कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप निदेशक माय भारत सह जिला युवा अधिकारी, मुजफ्फरपुर ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि यह कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास में मील का पत्थर साबित होगा और वे यहां से अर्जित अनुभवों को समाज व जिले के विकास में उपयोग करेंगे।