अंबेडकर जयंती पर विश्वविद्यालय में सेमिनार, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
- Post By Admin on Apr 02 2026
मुजफ्फरपुर: जिले स्थित विश्वविद्यालय में आगामी 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। इसको लेकर कुलपति कार्यालय में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि एक प्रखर शिक्षाविद और महान चिंतक थे। उन्होंने कहा कि अंबेडकर जयंती मनाने का उद्देश्य उनके बौद्धिक योगदान, सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद करना है। साथ ही ‘विधि के शासन’ और लोकतंत्र को सशक्त बनाने के उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना भी हमारी जिम्मेदारी है। कुलपति ने कहा कि छात्रों को डॉ. अंबेडकर के शिक्षा, ज्ञान और अधिकारों से जुड़े विचारों से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। अंबेडकर जयंती आयोजन समिति के संयोजक डॉ. विनोद बैठा ने जानकारी दी कि 14 अप्रैल को विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर “अंबेडकर के न्यायिक विचार और सामाजिक न्याय” विषय पर एक सेमिनार का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के विषय विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।
उन्होंने बताया कि इस सेमिनार में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षाविद, अंबेडकरवादी चिंतक, छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। बैठक में कुलसचिव डॉ. समीर कुमार शर्मा, पूर्व कुलानुशासक डॉ. बीएस राय, पूर्व उप कुल सचिव उमाशंकर दास, सिंडिकेट सदस्य डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. कुसुम कुमारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. वीरेंद्र चौधरी, उमा पासवान, डॉ. विपिन राय, डॉ. ललित किशोर, गौरव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस बैठक के साथ ही विश्वविद्यालय में अंबेडकर जयंती को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं, जहां शैक्षणिक विमर्श के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।