लखीसराय में प्रशासनिक अमले ने जांची विधि-व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा को लेकर आमजन प्रेरित
- Post By Admin on Oct 20 2026
लखीसराय : दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के उद्देश्य से लखीसराय जिला प्रशासन ने विभिन्न पूजा पंडालों का सघन निरीक्षण किया। जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम), अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सहित जिले के कई वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में मानकों के अनुरूप अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की विशेष रूप से समीक्षा की गई। इस क्रम में बिहार अग्निशमन सेवा, लखीसराय द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने हसनपुर मंदिर परिसर स्थित माँ मनोकामना दुर्गा पूजा समिति में अग्निशमन विभाग द्वारा लगाए गए विशेष कैनोपी और सेल्फी पॉइंट का भी अवलोकन किया। वहाँ लगे स्लोगन "मैं भी हूँ Fire Fighter" के साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बड़े उत्साह से सेल्फी ली, जिसके माध्यम से आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक और प्रेरित किया गया।
कार्यालय अनुमण्डल अग्निशमालय, लखीसराय ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार के अग्निकांड या आपात स्थिति में तत्काल टोल-फ्री नंबर 101 अथवा 112 पर संपर्क करें।