संत रविदास जयंती पर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण

  • Post By Admin on Feb 13 2025
संत रविदास जयंती पर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण

पटना : संत शिरोमणि रविदास जी के जन्मदिवस एवं माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर पटना महानगर के गुरु बाग में पर्यावरण भारती द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान फलदार वृक्ष नींबू और औषधीय पौधे एलोवेरा का रोपण किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय ने किया।  

कार्यक्रम में नारी शक्ति प्रांत टोली सदस्य एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता शंकर ने कहा कि हर व्यक्ति को प्राकृतिक ऑक्सीजन प्राप्त करने और ग्लोबल वार्मिंग से बचाव के लिए अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाने चाहिए।  

संस्थापक राम बिलास शांडिल्य ने संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 1388 ई. में उत्तर प्रदेश के काशी स्थित सीर गोवर्धन में हुआ था। वे जाति-पाति और छुआछूत के घोर विरोधी थे और समाज सुधार के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचारों का प्रभाव मीरा बाई और महाराणा सांगा की पत्नी झालारानी सहित कई अनुयायियों पर पड़ा। गुरुग्रंथ साहिब में भी उनके पदों को शामिल किया गया है।  

इस अवसर पर संत रविदास जी की शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए पौधारोपण को एक पुनीत कार्य बताया गया। आयोजकों ने कहा कि माघ पूर्णिमा के अमृत स्नान पर जब प्रयागराज महाकुंभ में 2 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं, तब पर्यावरण संरक्षण के लिए किया गया यह प्रयास विशेष महत्व रखता है।  

इस कार्यक्रम में डॉ. सरिता शंकर, डॉ. सुनील कुमार, ज्योत कुमार, ज्ञानेश्वर कुमार, राम बिलास शांडिल्य, पीयूष, आशीष, मनीष, आयूष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।