रामदयालु सिंह महाविद्यालय में एनएसएस का स्वच्छता अभियान, छात्रों को किया जागरूक
- Post By Admin on Apr 01 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 10:30 बजे आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार ने स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य मानव की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सौरभ राज ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. रजनीकांत पांडेय, डॉ. आनंद प्रकाश दुबे तथा डॉ. ललित किशोर सहित अन्य शिक्षकों ने भी भाग लेकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने कक्षाओं, गलियारों और परिसर के आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। साथ ही प्रो. निगमानंद कुँवर तथा श्री महेश शाही की प्रतिमाओं के आसपास विशेष रूप से साफ-सफाई कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
स्वयंसेवकों ने एकत्रित कचरे को उचित स्थान पर निस्तारित कर परिसर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का संदेश दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रेरणादायक पहल है। ऐसे प्रयास न केवल परिसर को स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि एक सकारात्मक और स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।