मुजफ्फरपुर की मानसी ने यूपीएससी में लहराया परचम, एमएसएमई मंत्रालय में बनीं सहायक निदेशक

  • Post By Admin on Jul 03 2026
मुजफ्फरपुर की मानसी ने यूपीएससी में लहराया परचम, एमएसएमई मंत्रालय में बनीं सहायक निदेशक

मुजफ्फरपुर : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षा और साक्षात्कार में शहर की मानसी ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए भारतीय उद्यम विकास सेवा (आईईडीएस) के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय में सहायक निदेशक (ग्रेड-1) के पद पर चयनित होकर शहर और परिवार का नाम रोशन किया है।

मानसी ने अपनी प्रारंभिक उच्च शिक्षा राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम), सोनीपत से बी.टेक (फूड टेक्नोलॉजी) में पूरी की। इसके बाद उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर से फूड प्रोसेस इंजीनियरिंग विषय में एम.टेक की डिग्री इसी वर्ष प्राप्त की। मानसी मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की स्थित इंदिरा कॉलोनी की निवासी हैं। उनके पिता डॉ. ऋतुराज कुमार लंगट सिंह कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में वरीय सहायक प्राध्यापक हैं, जबकि उनकी माता डॉ. मनीषा डीएवी पब्लिक स्कूल, बखरी में पीजीटी (अर्थशास्त्र) के पद पर कार्यरत हैं।

मानसी की इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, परिजनों और शहरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता जिले के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है।