प्रयत्न कार्यालय में एस.एन. सुब्बाराव को श्रद्धांजलि, गांधीवादी विचारों पर चलने का संकल्प

  • Post By Admin on Oct 27 2026
प्रयत्न कार्यालय में एस.एन. सुब्बाराव को श्रद्धांजलि, गांधीवादी विचारों पर चलने का संकल्प

मुजफ्फरपुर : जिला स्थित प्रयत्न कार्यालय में मंगलवार को प्रख्यात गांधीवादी विचारक एवं समाजसेवी डॉ. एस.एन. सुब्बाराव, जिन्हें ‘भाई जी’ के नाम से जाना जाता था, की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शांति, अहिंसा, राष्ट्रीय एकता तथा सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में प्रयत्न के सहायक कार्यक्रम प्रबंधक अमित चौधरी, समाजसेवी कुमारी हेना, रोहित कुमार, राष्ट्रीय युवा योजना मुजफ्फरपुर के विक्रम जयनारायण निषाद और श्रीधर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने डॉ. सुब्बाराव के जीवन और विचारों पर चर्चा करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता बताई। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. एस.एन. सुब्बाराव ने अपने जीवन में गांधीवादी सिद्धांतों को महत्व दिया। उन्होंने युवाओं को रचनात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़ने, समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने और लोगों के बीच एकता की भावना मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार समाज में शांति और सद्भाव कायम रखने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि वर्तमान समय में समाज के भीतर प्रेम, सहयोग और सहिष्णुता की भावना को मजबूत करना आवश्यक है। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक बदलाव के लिए युवाओं की भागीदारी और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण हैं। डॉ. सुब्बाराव का जीवन समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है। अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से डॉ. एस.एन. सुब्बाराव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को समाजसेवा के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।