शब्दों की सरिता में डूबा मुजफ्फरपुर पुस्तक मेला, कविताओं ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

  • Post By Admin on Jun 27 2026
शब्दों की सरिता में डूबा मुजफ्फरपुर पुस्तक मेला, कविताओं ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

मुजफ्फरपुर : जिले के कलमबाग रोड स्थित आदर्श छात्रावास के सभागार में आयोजित चार दिवसीय मुजफ्फरपुर पुस्तक मेले के तीसरे दिन शनिवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में कविता, गीत, ग़ज़ल, मुक्तक, व्यंग्य और लोकभाषा की प्रस्तुतियों ने साहित्य प्रेमियों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा। कार्यक्रम में स्थानीय और आमंत्रित कवियों की रचनाओं ने सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया।

समय इंडिया (ट्रस्ट), नई दिल्ली, पुस्तक मेला समिति (रजि.), नई दिल्ली एवं प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन (प्राण), रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ समय इंडिया (ट्रस्ट) के प्रबंध न्यासी चंद्र भूषण ने किया। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेले केवल पुस्तकों की बिक्री तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक चेतना को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम का संचालन मुस्कान केसरी ने किया।

कवि सम्मेलन में डॉ. पंकज कर्ण, नंदनी कुमारी, सविता राज, श्रवण कुमार, सुमन, सौरभ, मुस्कान केसरी, सुजाता शर्मा, शिल्पा श्रीवास्तव, पीयूष कुमार, शाहनवाज़ नवाज़ और पंकज नारायण सहित कई कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। विशेष रूप से बज्जिका भाषा में प्रस्तुत कविताओं ने स्थानीय संस्कृति की मिठास और लोकजीवन की झलक प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। डॉ. पंकज कर्ण ने अपनी ओजपूर्ण कविता के माध्यम से समकालीन सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर प्रभावशाली टिप्पणी की, जबकि कवयित्री सुजाता शर्मा ने जीवन दर्शन पर आधारित अपनी रचनाओं से श्रोताओं को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।

पुस्तक मेले के अंतिम दिन रविवार को अंतरराष्ट्रीय कवयित्री अंकिता सिन्हा का एकल काव्य पाठ मुख्य आकर्षण रहेगा। समापन समारोह में चित्रकला, कविता, कहानी, गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक पुस्तक प्रेमियों से अंतिम दिन मेले में पहुंचकर साहित्यिक आयोजनों का आनंद लेने और अपनी पसंद की पुस्तकें खरीदने की अपील की है। इसके बाद झारखंड–बिहार पुस्तक मेला परिक्रमा का अंतिम पड़ाव 2 से 5 जुलाई तक समस्तीपुर में आयोजित किया जाएगा।