बाल संवाद कार्यक्रम में कठपुतली शो के जरिए शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

  • Post By Admin on Oct 21 2026
बाल संवाद कार्यक्रम में कठपुतली शो के जरिए शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मुजफ्फरपुर: शहर के मालीघाट स्थित अमन चिल्ड्रेन्स स्कूल में बुधवार को बाल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुस्कान केशरी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री, फल और बिस्कुट वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, उनमें रचनात्मकता बढ़ाना और उनके साथ खुशियों के पल साझा करना था।

एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की संचालिका एवं युवा समाजसेवी मुस्कान केशरी ने कहा कि बच्चों को प्रोत्साहित करना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो लक्ष्य हासिल करने की राह आसान हो सकती है। बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर बाल संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने लाइव कठपुतली शो प्रस्तुत कर बच्चों का मनोरंजन किया। इस दौरान कठपुतलियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। बच्चों को अपने आसपास पौधे लगाने और प्रकृति की रक्षा करने के लिए प्रेरित किया गया। मनोरंजक प्रस्तुति के जरिए उन्हें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या बबिता ठाकुर, निदेशक अनिल कुमार ठाकुर, वरिष्ठ कठपुतली कलाकार कांता देवी, सुनील कुमार, एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की सदस्य दीपा श्रीवास्तव, आदित्य श्रीवास्तव और अभिप्रिया श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दीपा श्रीवास्तव ने बाल कविता प्रस्तुत कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों के प्रति संवेदनशील पहल और समाजसेवा के लिए मुस्कान केशरी को महात्मा ज्योतिराव फुले की तस्वीर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या बबिता ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बाल संवाद कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया।