शिव जयंती महोत्सव में दिव्य अवतरण का संदेश
- Post By Admin on Feb 15 2025
.jpg)
समस्तीपुर : शुक्रवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में 89वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव वैनी स्थित खादी भंडार में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. टी. एन. शर्मा, खादी ग्रामोद्योग भंडार के मंत्री धीरेंद्र कार्य्यी, बी.के. सविता बहन और बी.के. ओम प्रकाश भाई ने सामूहिक रूप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समस्तीपुर से पधारी बी.के. सविता बहन ने शिव जयंती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “शिवजयंती सभी त्योहारों में खास है, यह सृष्टि चक्र के आखिरी समय में परमपिता परमात्मा शिव बाबा के दिव्य अवतरण का प्रतीक है। यह समय हमें सतयुगी दुनिया की ओर बढ़ने का इशारा देता है और हम इस पावन समय में भगवान के कर्तव्य में सहयोग करके अपने जीवन को महान बना सकते हैं।”
बी.के. ओम प्रकाश भाई ने भी शिव जयंती के महत्व पर बात करते हुए कहा, “यह पर्व हमारे लिए सर्व मनोकामनाएं पूर्ण करने का एक महान अवसर है। भगवान के दिव्य अवतरण के साथ हमारे जीवन का भाग्य बदल सकता है और हम 21 जन्मों तक सुख-शांति और समृद्धि का वर्सा प्राप्त कर सकते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान शिव ध्वजारोहण किया गया और सभी श्रद्धालुओं से शुभ संकल्प करवाए गए। इसके बाद शिव भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। पूजा बहन ने कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत भाषण दिया और मेडिटेशन द्वारा सभी को शांति की अनुभूति कराई। कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन बी.के. ओम प्रकाश भाई ने किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत खादी भंडार में 16 फरवरी तक शिव दर्शन आध्यात्मिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसके अलावा, राजयोग मेडिटेशन शिविर के लिए नि:शुल्क नामांकन भी चल रहा है, जिसमें लोग शांति और ध्यान की अनुभूति कर सकते हैं।
इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षक सुनील कुमार अग्रवाल, चंद्रभूषण झा, पन्नालाल भाई, मनोज भाई, अमरेश भाई और अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे। सभी ने इस आयोजन की सराहना की और भगवान के साथ जुड़कर जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।