लखीसराय में सुरक्षित बचपन अभियान का पहला चरण संपन्न, बाल अधिकारों और सुरक्षा पर जागरूकता
- Post By Admin on Oct 31 2026
लखीसराय : जिले में बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुरक्षित बचपन अभियान के पहले चरण का समापन 31 अक्टूबर को हुआ। अभियान के अंतिम दिन जिले के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो), 2012 के प्रावधानों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
नालसा, नई दिल्ली और बालसा, पटना के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के मार्गदर्शन में ये कार्यक्रम आयोजित किए गए। डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेंट जॉन स्कूल और मध्य विद्यालय बालगुदर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां हुईं। इनमें न्यायिक पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल और सेंट जॉन स्कूल में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सप्तम मुकेश कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल और सेंट जॉन स्कूल में डालसा सचिव विधानंद सागर तथा मध्य विद्यालय बालगुदर में न्यायिक दंडाधिकारी श्रीनिवास शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रमों में पैनल अधिवक्ता, बाल कल्याण समिति के सदस्य, कवच परियोजना एवं सेंटर डायरेक्ट के प्रतिनिधि, विद्यालयों के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षक, पीएलवी और अन्य संबंधित लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान छह प्रमुख विषयों के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। इनमें ‘मेरा बचपन मेरा अधिकार’, ‘कानून जानो बचपन बचाओ’, ‘सुरक्षित क्लिक सुरक्षित बचपन’, ‘बोलो, बताओ, बचाओ’, ‘ना बाल विवाह ना बाल शोषण’ और ‘जागरूक बचपन सशक्त भारत’ शामिल रहे। वक्ताओं ने इन विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों के साथ होने वाले शोषण और अपराधों के मामलों में जागरूकता, समय पर आवाज उठाना और कानूनी सहायता लेना कितना महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता गीत भी प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता तथा मानव श्रृंखला जैसी गतिविधियों के माध्यम से अभियान से जोड़ने की बात कही गई, ताकि बच्चों तक सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके। डालसा सचिव विधानंद सागर ने बताया कि सुरक्षित बचपन अभियान के तहत लखीसराय जिले के सभी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर को अभियान का पहला चरण पूरा हो गया है। इसके बाद सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।