स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर दीपों से जगमगाया लखीसराय, विकास और एकता का दिया संदेश
- Post By Admin on Jul 02 2026
लखीसराय : लखीसराय जिला स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से परिया पोखर (जिला अतिथि गृह के समक्ष) में भव्य सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। दीपों की जगमगाहट से पूरा परिया पोखर परिसर आकर्षक और उत्साहपूर्ण माहौल में बदल गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की गौरवशाली ऐतिहासिक यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की उपलब्धियों को स्मरण करते हुए जनसहभागिता के माध्यम से एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। दीपों की रोशनी से सजा परिया पोखर जिले के उज्ज्वल भविष्य और विकास की नई उम्मीदों का प्रतीक बन गया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन कर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को लखीसराय जिला स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले ने पिछले वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां प्रशासन और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने नागरिकों से जिले के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान से जोड़ने के साथ-साथ समाज में भाईचारे, समरसता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से लखीसराय के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण तथा जिला स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।