लखपति दीदी और स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, डीएम ने की कार्यों की समीक्षा

  • Post By Admin on Oct 31 2026
लखपति दीदी और स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, डीएम ने की कार्यों की समीक्षा

लखीसराय : जिले में महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लखपति दीदी एवं सतत जीविकोपार्जन योजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जीविका की समीक्षात्मक बैठक हुई। इसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया।

बैठक में लखपति दीदी योजना, सतत जीविकोपार्जन योजना, जिला जेंडर फोरम, जल-जीवन-हरियाली अभियान और जीविका के माध्यम से अमृत सरोवर के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में संचालित गतिविधियों और अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। लखपति दीदी योजना की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिले में चिह्नित सभी लखपति दीदियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक प्रखंड में अधिक से अधिक नई महिलाओं को इस श्रेणी में लाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके लिए कृषि, पशुपालन, खुदरा व्यवसाय और सेवा क्षेत्र से महिलाओं को जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि उनकी वार्षिक आय एक लाख रुपए से अधिक हो सके।

सतत जीविकोपार्जन योजना की समीक्षा के दौरान अत्यंत गरीब परिवारों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योजना के तहत चयनित सभी लाभार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आजीविका के साधन उपलब्ध कराए जाएं। इसमें बकरी पालन, किराना दुकान और सिलाई मशीन जैसे स्वरोजगार के विकल्प शामिल हैं। उन्होंने लाभार्थियों को बैंक से ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि वे अपने रोजगार को आगे बढ़ा सकें। बैठक में जिला जेंडर फोरम के कार्यों की भी समीक्षा की गई। वहीं, जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जीविका दीदियों की ओर से किए जा रहे मछली पालन, पौधरोपण, सोख्ता निर्माण और जल संचयन से जुड़े कार्यों की जानकारी ली गई। अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत जीविका द्वारा तालाबों के जीर्णोद्धार की प्रगति रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने संतोष जताया और सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधकों को जिले के 32 टोलों में लखपति दीदियों का सर्वे जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जीविका गरीब परिवारों के आर्थिक उत्थान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी गंभीरता से कार्य करें। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक नीरज कुमार सहित जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका के सभी विषयगत प्रबंधक, प्रशिक्षण अधिकारी और सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।