वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी सम्मान से सम्मानित हुए जयचंद्र कुमार, वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर जोर
- Post By Admin on Jul 07 2026
मुजफ्फरपुर: शांति सेना एवं सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मालीघाट स्थित परिसर में "पुरखा-पुरनिया संवाद सह सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार ने की। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए जयचंद्र कुमार को "वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी सम्मान" से सम्मानित किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में सोनू सरकार ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी के जीवन और वैज्ञानिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने पृथ्वी की गोलाई मापने के लिए एक विशेष वैज्ञानिक यंत्र का निर्माण किया था। उन्होंने बताया कि इस यंत्र का सफल प्रयोग वर्ष 1971 में भारत सरकार द्वारा भारत के समुद्री तट से पूर्वी अफ्रीका के मोम्बासा समुद्री तट तक कराया गया था, जिसे अपने समय का विश्व का पहला सफल प्रयोग माना गया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान वैज्ञानिकों की स्मृतियों को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाजसेवी शम्भू मोहन प्रसाद ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में मानवता की प्रगति वैज्ञानिकों के शोध, नवाचार और खोजों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए तार्किक विश्लेषण, प्रमाण-आधारित सोच, प्रयोग और निरंतर जिज्ञासा आवश्यक है। अंधविश्वास और रूढ़ियों से ऊपर उठकर तथ्यों के आधार पर सोचने की प्रवृत्ति ही समाज को प्रगतिशील बनाती है। उन्होंने भारतीय संविधान में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और मानवतावाद के विकास पर दिए गए विशेष महत्व का भी उल्लेख किया।
सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव सुनील कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी की स्मृति में समय-समय पर "विज्ञान संवाद" एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में वैज्ञानिक चेतना और तार्किक सोच का विकास हो सके। उन्होंने बताया कि दुर्गा प्रसाद चौधरी राजकीय जिला विज्ञान केंद्र, अमर शहीद जुब्बा सहनी पार्क, मुजफ्फरपुर की स्थापना 26 जुलाई 2006 को बिहार सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि विज्ञान केंद्र के समुचित विकास और विस्तार के लिए जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से आवश्यक पहल की जाएगी। समारोह के दौरान जयचंद्र कुमार को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर "वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी सम्मान" से अलंकृत किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने वैज्ञानिक विरासत के संरक्षण, समाज में वैज्ञानिक चेतना के प्रसार तथा तार्किक एवं सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महान वैज्ञानिकों के आदर्शों और उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की मांग है। इस अवसर पर कठपुतली कलाकार कांता देवी, समाजसेवी शम्भू मोहन प्रसाद, शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार, सम्मानित जयचंद्र कुमार, सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव सुनील कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।