गो अप फाउंडेशन का माइंड मैटर्स कार्यक्रम, छात्राओं को दी मानसिक स्वास्थ्य की जानकारी
- Post By Admin on Apr 08 2026
मुजफ्फरपुर : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पताही में बुधवार को गो अप फाउंडेशन द्वारा प्रोजेक्ट माइंड मैटर्स के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में लगभग 100 छात्राओं ने भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ता धीरज श्रीवास्तव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि जीवन में मानसिक रूप से स्वस्थ रहना उतना ही जरूरी है जितना शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना। उन्होंने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के तरीके बताए और मानसिक बीमारियों के लक्षणों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी महसूस हो तो उसे छिपाने के बजाय अपने शिक्षक या माता-पिता से अवश्य साझा करना चाहिए, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
कार्यक्रम में गो अप फाउंडेशन की निदेशिका पूनम शर्मा के साथ संस्था की सदस्य सुधा सिंह, रूपा सिन्हा, पुष्पा गुप्ता, अल्का वर्मा और सरिता वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक भी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।