लंगट सिंह कॉलेज में शिक्षकेतर कर्मचारी संघ की आम सभा, मांगों को लेकर रणनीति तैयार
- Post By Admin on Apr 02 2026
मुजफ्फरपुर: जिले के लंगट सिंह महाविद्यालय में कॉलेज शिक्षकेतर कर्मचारी संघ की आम सभा आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
सभा का मुख्य उद्देश्य आगामी 4 अप्रैल को प्रस्तावित क्षेत्रीय वृहद परिषद की बैठक में शिक्षकेतर कर्मचारियों की मांगों को मजबूती के साथ प्रस्तुत करना था। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों पर खुलकर विचार-विमर्श किया। महासंघ के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकेतर कर्मचारी विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों की व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी कई जायज मांगें लंबित हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं मुद्दों पर विचार करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए यह आम सभा आयोजित की गई है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह उचित और समयानुकूल हैं, लेकिन यदि उच्चाधिकारी इस पर ध्यान नहीं देते, तो पूरे बिहार में शिक्षकेतर कर्मचारी एकजुट होकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन धैर्य की भी एक सीमा होती है। ऐसे में सभी शिक्षकेतर कर्मचारियों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की गई। सभा में सत्येंद्र कुमार, आनंद चक्रपाणि, संजय कुमार, लालबाबू सिंह, गुरु प्रसाद कश्यप, सुजीत कुमार, जितेंद्र मोहन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी-अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी बैठक के लिए रणनीति तैयार की गई।