ओडिशा : मेडिकल कॉलेज में आग का कहर, ICU में भर्ती 10 मरीजों की मौत
- Post By Admin on Mar 16 2026
कटक : ओडिशा के कटक स्थित एक बड़े सरकारी अस्पताल में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीज झुलस गए। हादसा अस्पताल के आईसीयू में हुआ, जहां वेंटिलेटर पर भर्ती मरीजों की दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच लगी। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक आईसीयू में भर्ती कई मरीजों की हालत गंभीर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कई मरीजों को तत्काल परिसर के नए भवन में शिफ्ट किया। हादसे में पांच मरीज गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज जारी है। मृतकों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी घायलों और प्रभावित मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी तरह की बाधा न आने दी जाए।